देहरादून / नई दिल्ली। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने संसद में उठाए गए प्रश्न के उत्तर में बताया कि सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने लिखित उत्तर में बताया कि प्रसार भारती ने डिजिटल मीडिया में बड़ी पहल करते हुए “वेव्स ओटीटी” प्लेटफॉर्म और “पीबी-शब्द” समाचार साझा करने की सेवा शुरू की है।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि यह कदम देश के डिजिटल सूचना तंत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण है। नवंबर 2024 में लॉन्च किए गए “वेव्स ओटीटी” प्लेटफॉर्म पर अब तक 84 लाख से अधिक उपयोगकर्ता पंजीकृत हो चुके हैं। इस प्लेटफॉर्म पर रेडियो, टीवी चैनल, वेब सीरीज, फिल्में, लाइव इवेंट्स, शैक्षिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित प्रसार भारती की अभिलेखीय सामग्री भी उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने “पीबी-शब्द” सेवा की भी सराहना की, जो मार्च 2024 से देशभर में 15 भारतीय भाषाओं में समाचारों को आसानी से उपलब्ध करा रही है। इससे क्षेत्रीय भाषाओं और स्थानीय अभिव्यक्तियों को नई पहचान मिलेगी और छोटे-मध्यम मीडिया संस्थानों को विश्वसनीय समाचार सामग्री प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि सरकार ने “पीबी-शब्द” सेवा को प्रारंभ में एक वर्ष के लिए मुफ्त रखा था, जिसे अब मार्च 2027 तक बढ़ा दिया गया है। यह निर्णय मीडिया संस्थानों और उपयोगकर्ताओं दोनों के लिए लाभकारी साबित होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इन डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देश के दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों, जैसे छत्तीसगढ़ के सरगुजा, में स्थानीय भाषाओं में समाचार और सामग्री पहुंच रही है। इससे “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूती मिलेगी।

सांसद त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने केंद्र सरकार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल भारत के डिजिटल भविष्य को सशक्त बनाने और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
