अल्मोड़ा- उत्तराखंड की बेटी कविता चंद ने अंटार्कटिका की सबसे ऊंची चोटी माउंट विंसन (4,892 मीटर) पर सफलतापूर्वक चढ़ाई कर इतिहास रच दिया है। दुनिया की सबसे कठोर और चुनौतीपूर्ण चोटियों में शामिल माउंट विंसन को फतह कर उन्होंने न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है।
मूल रूप से अल्मोड़ा की रहने वाली कविता चंद वर्तमान में मुंबई में निवास करती हैं। माउंट विंसन पर यह चढ़ाई उनके महत्वाकांक्षी ‘सेवन समिट्स’ अभियान की दिशा में एक अहम उपलब्धि है, जिसके तहत विश्व के सातों महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटियों को फतह किया जाता है।
इससे पहले कविता यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रस पर भी सफलतापूर्वक चढ़ाई कर चुकी हैं, जिससे वह इस वैश्विक चुनौती को पूरा करने की मजबूत स्थिति में पहुंच गई हैं।

अंटार्कटिका में स्थित माउंट विंसन पर अत्यधिक ठंड, पूर्ण एकांत और अप्रत्याशित मौसम जैसी विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जो इस अभियान को बेहद कठिन बनाता है। कविता का यह अभियान तीन दिसंबर को भारत से रवाना होने के साथ शुरू हुआ। चार दिसंबर की शाम वह चिली के पुंटा एरेनास पहुंचीं और सात दिसंबर को यूनियन ग्लेशियर के लिए उड़ान भरी।
उसी दिन वह लगभग 2,100 मीटर की ऊंचाई पर स्थित विंसन बेस कैंप पहुंचीं। यूनियन ग्लेशियर से बेस कैंप तक का अंतिम सफर स्की-सुसज्जित छोटे विमान से लगभग 40 मिनट में पूरा किया गया, जो अंटार्कटिका अभियानों से जुड़ी जटिल और चुनौतीपूर्ण लॉजिस्टिक्स को दर्शाता है।
कविता चंद की यह उपलब्धि साहस, दृढ़ संकल्प और महिला सशक्तिकरण की प्रेरणादायक मिसाल बनकर उभरी है।
