हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान शुभम कश्यप निवासी मिस्सरपुर के रूप में हुई है। हादसा ज्वालापुर क्षेत्र के हरिलोक तिराहे के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार शुभम देर रात बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक हाईवे पर एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार से सड़क किनारे लगी लोहे की रेलिंग से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
