
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। बुधवार को भी राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राज्य के अन्य हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, मैदानी जिलों में बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की रफ्तार कुछ कम होने के बावजूद भूस्खलन का खतरा बना रहेगा। लगातार बारिश के चलते राज्यभर में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सड़कों का संचालन बाधित हुआ है।
राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, वर्तमान में 154 सड़कें भूस्खलन और मलबा आने की वजह से बंद पड़ी थीं, जिनमें से 30 सड़कों को खोल दिया गया है। शेष 124 सड़कों को खोलने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। बंद सड़कों में कई प्रमुख मार्ग और ग्रामीण संपर्क मार्ग शामिल हैं, जिससे न केवल आमजन की आवाजाही बाधित हुई है बल्कि आपूर्ति व्यवस्थाएं भी प्रभावित हुई हैं।
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने विभागीय अधिकारियों को मानसून सीजन में 24×7 सतर्क रहने और सभी का मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि सड़कों की स्थिति की तत्काल जानकारी संबंधित विभागों और यात्रियों तक समय रहते पहुंच सके। उन्होंने कहा कि मार्ग बंद होने की पूर्व सूचना यात्रियों को उनके पड़ाव स्टेशन पर ही मिलनी चाहिए, जिससे वे वैकल्पिक मार्गों का चुनाव कर सकें। किसी भी स्थिति में यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए क्षेत्रीय अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।