देहरादून – मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले चार-पांच दिनों में उत्तराखंड में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट देखने को मिलेगी। इसके चलते रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी, जबकि दिन के समय धूप खिलने की वजह से ठंड का अहसास कुछ कम रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन और मौसम के बदलते पैटर्न का असर सीधे तापमान पर देखा जा रहा है। उधर, सर्दियों में बारिश की कमी के कारण प्रदेश के मैदान से लेकर पहाड़ तक सूखी ठंड परेशान कर रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार, इस सप्ताह प्रदेश के अधिकांश इलाकों में बारिश की कोई संभावना नहीं है। रविवार को दून में दिन का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी तापमान इसी तरह सामान्य से अधिक दर्ज किया गया।

बारिश और बर्फबारी की संभावना: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आज से हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार चमोली, उत्तरकाशी और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने के आसार हैं। वहीं, प्रदेश के 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा।
अगले कुछ दिनों तक प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। 20 दिसंबर तक मौसम की यह स्थिति बनी रह सकती है।
