देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र की भविष्यवाणी सही साबित हुई और प्रदेश के पहाड़ से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक आसमान में बादल छाए रहे। बुधवार को कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार 19 फरवरी को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं। प्रदेश के अन्य जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार से सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर आज रात तक बना रह सकता है।
अचानक बदले मौसम के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड फिर बढ़ गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब समेत ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। केदारनाथ धाम में करीब छह इंच तक ताजा हिमपात हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। कई दिनों से शुष्क मौसम के बाद बदले हालात से तापमान में गिरावट आई है। निचले इलाकों में भी बादल छाए रहने से तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कमी दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 20 से 22 फरवरी के बीच प्रदेश में मौसम फिर से सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है। साथ ही तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के संकेत भी दिए गए हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
