उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी-नैनीताल जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। दोनों स्थानों पर पुलिस ने एहतियात के तौर पर न्यायालय परिसरों को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू कर दिया है।
उत्तरकाशी में ईमेल से मिली धमकी
उत्तरकाशी नगर कोतवाल भावना कैंथोला ने बताया कि जिला न्यायालय को ईमेल के माध्यम से परिसर में आरडीएक्स होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराया गया और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां परिसर की बारीकी से तलाशी ले रही हैं।
नैनीताल कोर्ट को भी मिला संदिग्ध ईमेल
नैनीताल जिला न्यायालय को भी एक अज्ञात ईमेल आईडी से धमकी भरा संदेश मिला, जिसमें अदालत परिसर में आरडीएक्स और आईईडी लगाए जाने का दावा किया गया। ईमेल में 12 आरडीएक्स आधारित विस्फोटक उपकरण लगाए जाने और दोपहर करीब 12:15 बजे विस्फोट होने की बात कही गई थी।
सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को मौके पर तैनात कर दिया गया। न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
धमकी की सत्यता की जांच जारी
ईमेल में प्रतिबंधित संगठन और विदेशी एजेंसियों का भी उल्लेख किया गया है, हालांकि सुरक्षा एजेंसियां इसकी सत्यता की जांच कर रही हैं। इसे शरारती तत्वों की करतूत होने की संभावना से भी खारिज नहीं किया गया है।

साइबर टीम को सौंपी जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को लगाया गया है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
