
उत्तराखंड के कर्णप्रयाग क्षेत्र में शोक की लहर है। थराली की पूर्व विधायक और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुन्नी देवी शाह का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह पिछले तीन माह से अस्वस्थ थीं और लगातार इलाज चल रहा था। दिल्ली के बाद देहरादून स्थित अस्पताल में उनका उपचार हो रहा था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
मुन्नी देवी शाह का राजनीतिक और सामाजिक जीवन बेहद सक्रिय रहा। उन्होंने थराली विधानसभा से विधायक के रूप में जनता की सेवा की और जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए विकास कार्यों में अहम भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही क्षेत्रों में एक बड़ी कमी महसूस की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुन्नी देवी हमेशा जनता के बीच रहीं और उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करती थीं। उनके कार्यकाल में कई विकास योजनाओं की शुरुआत हुई, जिनका लाभ आज भी ग्रामीण क्षेत्रों के लोग उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुन्नी देवी शाह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और कहा कि उनका योगदान उत्तराखंड की राजनीति और समाज सेवा में अविस्मरणीय है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। परिजनों के अनुसार, मुन्नी देवी शाह का अंतिम संस्कार आज कर्णप्रयाग संगम तट पर किया जाएगा। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।