
उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में मतदाताओं का जोश बारिश पर भारी पड़ा। सोमवार को प्रदेश के 40 विकासखंडों के 4709 मतदान केंद्रों पर कुल 70 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पहले चरण में यह आंकड़ा 68 प्रतिशत था। खास बात यह रही कि ऊधमसिंह नगर जिले में रिकॉर्ड 84.26 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि राज्यभर में महिला मतदाताओं ने पुरुषों से ज्यादा भागीदारी निभाई।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, कुल 21,57,199 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 65.50% पुरुष और 74.50% महिलाएं मतदान करने पहुंचीं। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हुआ और देर शाम तक मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें बनी रहीं। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के बावजूद मतदाताओं का उत्साह कम नहीं हुआ। वहीं देहरादून और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में भी मतदाताओं ने जमकर वोट डाले।
समय के साथ मतदान प्रतिशत में लगातार बढ़ोतरी देखी गई। सुबह 10 बजे तक 12.42%, दोपहर 12 बजे तक 24%, दोपहर 2 बजे तक 41.95% और शाम 4 बजे तक 58.12% मतदान हो चुका था। शाम तक यह आंकड़ा 70 प्रतिशत तक पहुंच गया।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने बताया कि सभी विकासखंडों में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान हुआ। सुरक्षा के व्यापक इंतजामों के चलते कहीं से भी किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं आई।
इस चरण में 14,751 प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई है, जबकि पहले चरण में 17,829 उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। अब 31 जुलाई को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। 2019 के पंचायत चुनाव में 69.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार शुरुआत में कम मतदान का अनुमान लगाया गया था, लेकिन दूसरे चरण में भारी मतदान ने चुनावी माहौल को फिर से गर्मा दिया है।
देर शाम तक जिलावार मतदान प्रतिशत
जिला | मतदान प्रतिशत |
उत्तरकाशी | 75.96 |
पौड़ी गढ़वाल | 69.27 |
टिहरी | 60.05 |
देहरादून | 77.25 |
चमोली | 66.47 |
चंपावत | 70.21 |
नैनीताल | 76.07 |
अल्मोड़ा | 58.20 |
ऊधमसिंह नगर | 84.26 |
पिथौरागढ़ | 64.9 |