गणेश गोदियाल
देहरादून में रविवार को कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, विधायक प्रीतम सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया और गोदियाल के स्वागत में नारों की गूंज रही।
कार्यभार संभालने से पहले गणेश गोदियाल ने दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की, जहां संगठनात्मक ढांचे और उत्तराखंड में आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। इसके बाद कांग्रेस हाईकमान ने आधिकारिक आदेश जारी करते हुए उन्हें प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। यह दूसरी बार है जब गोदियाल को यह जिम्मेदारी दी गई है। इससे पहले वह जुलाई 2021 से अप्रैल 2022 तक यह दायित्व निभा चुके हैं।
कार्यक्रम के दौरान निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने विधिवत रूप से उन्हें पदभार सौंपा। माहरा को कांग्रेस कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी की नई नियुक्तियों के तहत प्रीतम सिंह को प्रचार समिति का अध्यक्ष और डॉ. हरक सिंह रावत को चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है।
अपने संबोधन में गणेश गोदियाल ने कहा कि संगठन को मजबूत करना और जनता के मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस को फिर से सक्रिय, मजबूत और जनता से सीधे जुड़ा संगठन बनाने के लिए वह पूरी टीम के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर जनता से किए वादे पूरे न करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक प्रत्येक मुद्दे पर संघर्ष करेगी।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने भी गोदियाल के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से राज्य संगठन को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी।
