देहरादून : जिला प्रशासन का जनता दर्शन कार्यक्रम आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी मंच बनता जा रहा है। प्रत्येक सोमवार कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सविन बंसल की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं…जिनका मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
इसी क्रम में सहस्त्रधारा क्षेत्र निवासी बुजुर्ग महिला हरदीप कौर ने जनता दर्शन में उपस्थित होकर अपनी पीड़ा जिलाधिकारी के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि उनका पेयजल बिल 35,000 रुपये आ गया है…जिसे वह भरने में असमर्थ हैं। वह घर में अकेली रहती हैं आय का कोई स्थायी साधन नहीं है और स्वास्थ्य भी अक्सर खराब रहता है।
महिला ने यह भी अवगत कराया कि कुछ वर्ष पूर्व उन्होंने जल कनेक्शन कटवाने का अनुरोध किया था। इस दौरान कुछ अज्ञात लोग उनके घर आए और 5,000 रुपये लेकर चले गए, लेकिन कनेक्शन नहीं काटा गया। बाद में संबंधित कार्यालय में पूछताछ करने पर पता चला कि ऐसे किसी कर्मचारी की तैनाती वहां नहीं थी, जिससे स्पष्ट हुआ कि वह ठगी का शिकार हुई हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उत्तराखंड जल संस्थान से रिपोर्ट तलब कर समाधान के निर्देश दिए। जल संस्थान द्वारा 27 माह के लंबित 35,000 रुपये के बिल को संशोधित कर 14,372 रुपये में सेटल किया गया।
बुजुर्ग महिला की आर्थिक स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने यह राशि जिला प्रशासन के राइफल फंड से भुगतान करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा 14,372 रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से जल संस्थान को उपलब्ध कराया जा रहा है…जिससे महिला को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए और ऐसे प्रकरणों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए। जिला प्रशासन जरूरतमंद और असहाय नागरिकों की सहायता के लिए प्रतिबद्ध है, और जनता दर्शन कार्यक्रम जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है।
