Dehradun, Uttarakhand: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरूवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों से परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति की जानकारी ली।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि गतिमान परियोजनाओं का काम निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए और जो परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, उनका लोकार्पण जल्द कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को उसका लाभ तुरंत मिल सके। उन्होंने कहा कि एक से अधिक विभागों से जुड़ी परियोजनाओं में आपसी तालमेल बनाए रखना और समस्याओं का शीघ्र समाधान करना जरूरी है।
मुख्य सचिव ने नियोजन विभाग को भी नियमित मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी। साथ ही उन्होंने एमडी यूजेवीएनएल को निर्देश दिए कि लखवाड़ बहुद्देश्यीय परियोजना पर तेजी से कार्य करें और केन्द्रीय जल आयोग से आवश्यक डिजाइन और शेड्यूल शीघ्र उपलब्ध कराएं।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कुल ₹ 22015.76 करोड़ लागत वाली 91 परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया है। इनमें से 18 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, 6 का लोकार्पण हो चुका है और 12 का लोकार्पण शेष है। 73 परियोजनाओं का कार्य विभिन्न स्तरों पर चल रहा है, जिनमें अधिकांश मार्च 2026 तक पूर्ण होने की संभावना है।

इस अवसर पर विशेष प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव नीतेश कुमार झा, डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, डॉ. एस. एन. पाण्डेय, युगल किशोर पंत, अपर सचिव विनीत कुमार और नवनीत पाण्डेय सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
