
देहरादून। लंबे इंतजार और गहन मंथन के बाद उत्तराखंड भाजपा ने अपनी प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने रविवार देर शाम प्रदेश पदाधिकारियों की सूची जारी की। इस नई टीम में कुल 42 पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं। खास बात यह है कि पहली बार संगठन में पांच महिलाओं को अहम जिम्मेदारी दी गई है।
भाजपा का कहना है कि यह नई कार्यकारिणी आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है। संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क को और धार देने के लिए इस बार युवाओं, महिलाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है।
महिलाओं को मिला बड़ा मौका
नई टीम में दीप्ति रावत को प्रदेश महामंत्री बनाया गया है। विधायक आशा नौटियाल और डॉ. स्वराज विद्वान को प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। वहीं दीपिका बोहरा और नेहा जोशी को प्रदेश मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा महिला मोर्चा की कमान अब रुचि चौहान भट्ट के हाथों में होगी।
प्रमुख पदाधिकारी
प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं: अनिल गोयल, राजेंद्र बिष्ट, श्रीपाल राणा, आशा नौटियाल, स्वामी यतीश्वरानंद, शैलेंद्र सिंह बिष्ट, राकेश गिरी और डॉ. स्वराज विद्वान।
प्रदेश महामंत्री हैं: दीप्ति रावत, कुंदर परिहार और तरुण बंसल।
प्रदेश मंत्री बनाए गए हैं: सतीश लखेड़ा, आदित्य चौहान, नलिन भट्ट, दीपिका बोहरा, नेहा जोशी, गुंजन सुखीजा, निर्मल मेहरा और गौरव पांडे।
मोर्चा अध्यक्ष
नई सूची में छह मोर्चों के अध्यक्ष घोषित हुए हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष बनी हैं रुचि चौहान भट्ट, किसान मोर्चा की कमान महेंद्र सिंह नेगी को मिली है। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा की जिम्मेदारी नेत्रपाल मौर्य को दी गई है। अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष बनाए गए हैं बलवीर घुनियाल, अनुसूचित जनजाति मोर्चा की कमान डॉ. प्रेम सिंह राणा को दी गई है, जबकि अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष चुने गए हैं अनीस गौड़।
मीडिया और संगठनात्मक पद
मनवीर चौहान को तीसरी बार प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी मिली है। प्रदेश मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी सुरेश जोशी के पास है। इसके अलावा विनय गोयल, राजेंद्र नेगी, प्रदीप जनौटी और विकास तिवारी को प्रदेश मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। सोशल मीडिया की जिम्मेदारी हिमांशु सगतानी को सौंपी गई है, जबकि उनके सह-संयोजक करुण दत्ता, गौरव सिंह, गंधार अग्रवाल और लाल सिंह कोरंगा होंगे।
प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल और सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल बनाए गए हैं। वहीं प्रदेश कार्यालय सचिव का दायित्व जगमोहन रावत को मिला है।
चुनावी रणनीति पर फोकस
भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस कार्यकारिणी के गठन में सभी क्षेत्रों और वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। पार्टी का लक्ष्य है कि आगामी चुनावों में संगठन और अधिक मजबूत हो और जनता तक सरकार की नीतियां प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकें।