
उत्तराखंड बीजेपी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की सूची तैयार हो चुकी है और अब इसके औपचारिक जारी होने का इंतजार है। प्रदेशभर के नेताओं और कार्यकर्ताओं की निगाहें इस सूची पर टिकी हुई हैं। खास बात यह है कि पहली बार संगठन में बड़े पद पर महिला को जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है, जिससे पार्टी में महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, नई कार्यकारिणी में कुल 31 पदाधिकारी शामिल होंगे। इनमें आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री संगठन, एक प्रदेश मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव होंगे। इसके साथ ही पार्टी सात मोर्चों — युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा — के अध्यक्षों के नाम भी घोषित करेगी।
बीते शुक्रवार को कई नेता प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट से उनके आवास पर मिले और सूची को लेकर चर्चा तेज हो गई। पिछले माह दिल्ली से लौटने के बाद महेंद्र भट्ट ने संगठनात्मक बदलाव की कवायद को गति दी थी। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को एक ऐसी नई टीम की जरूरत थी, जो बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत कर सके और जीत की हैट्रिक के लक्ष्य तक पहुंचा सके।
सूत्रों का कहना है कि नई कार्यकारिणी की तैयारी के दौरान वरिष्ठ नेताओं से व्यापक विमर्श किया गया है। नामों को अंतिम रूप देने के बाद अब केवल सूची जारी करने की प्रक्रिया बाकी है। अनुमान है कि अगर सूची शनिवार को जारी नहीं होती, तो फिर नवरात्र तक इंतजार करना पड़ सकता है क्योंकि 7 सितंबर से पितृ पक्ष शुरू हो रहा है।
नई कार्यकारिणी में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्सुकता है। माना जा रहा है कि महिला पदाधिकारी को जिम्मेदारी सौंपना भाजपा की आने वाली चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा होगा। राजनीतिक विश्लेषक भी मानते हैं कि इससे संगठन में संतुलन के साथ नई ऊर्जा आएगी।