सितरगंज: सितारगंज क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार पीलीभीत जिले के न्यूरिया थाना क्षेत्र के गांव मैदना निवासी 23 वर्षीय अमर सिंह अपने 14 वर्षीय चचेरे भाई गौतम सिंह के साथ बाइक से हल्द्वानी मंडी गया था। बुधवार को हल्द्वानी से लौटते समय गांव सिसौना, कल्याणपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने दोनों को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया…जहां डॉक्टरों ने अमर सिंह को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल गौतम सिंह को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि अमर सिंह सिडकुल रुद्रपुर की एक कंपनी में कार्यरत था और 23 फरवरी को उसके बड़े भाई की शादी होनी थी। शादी की तैयारियों के लिए वह हल्द्वानी गया था। हादसे के बाद परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया।

पुलिस के अनुसार हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है।
