बाजपुर(उधमसिंह नगर) : बाजपुर में एक अनोखी और चर्चा का विषय बनी घटना सामने आई है….जहां शादी से एक दिन पहले दुल्हन प्रेमी के साथ घर से फरार हो गई। इससे शादी की तैयारियां अचानक ठप हो गईं।
जानकारी के अनुसार बाजपुर शहर निवासी युवक की शादी यूपी के रामपुर जिले की युवती से तय हुई थी। शादी दो नवंबर को होनी थी और दुल्हन पक्ष के लोग रविवार को बाजपुर आकर शादी की रस्म पूरी करने वाले थे। लड़का पक्ष की ओर से शादी समारोह के लिए मैदान में तैयारियां चल रही थीं।
लेकिन शनिवार रात को दुल्हन अचानक घर से गायब हो गई। यह खबर मिलते ही दूल्हे को बड़ा झटका लगा और लड़के पक्ष की तैयारियां ठप हो गईं। रविवार सुबह मैदान में लगाए गए टेंट को हटा दिया गया। टेंट संचालक भी इस अचानक हुए बदलाव से परेशान नजर आए।
घटना के बाद लड़के पक्ष के परिवार में हलचल मची और कुछ लोग पुलिस में शिकायत करने की बात कह रहे थे। हालांकि बुजुर्गों लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हुआ। खबरों के अनुसार, दुल्हन और दूल्हा पक्ष के बीच सुलह हो गई है।
