देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चुनावी तैयारियों को और तेज करते हुए निर्वाचन विभाग अब डोर-टू-डोर अभियान को और सघन बनाने जा रहा है। अप्रैल माह से कम मैपिंग वाले बूथों पर विशेष फोकस करते हुए मतदाता मैपिंग का कार्य पूरा किया जाएगा।
यह जानकारी अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम के निर्देशन में प्रदेश में प्री-एसआईआर फेज में 85 प्रतिशत से अधिक मैपिंग का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
मतदाता सूची को और अधिक सटीक बनाने के लिए हर बूथ पर एब्सेंट, शिफ्टेड और डेथ (ASD) सूची तैयार की जा रही है, जिससे सूची के शुद्धिकरण में मदद मिलेगी।
एक क्लिक पर BLO से संपर्क
निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं की सुविधा के लिए “बुक ए कॉल विद बीएलओ” फीचर शुरू किया है। इसके जरिए मतदाता एक क्लिक में अपने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से कॉल बुक कर सकते हैं। इसके लिए https://voters.eci.gov.in वेबसाइट या ECI-NET मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है।
कॉल बुक होने के बाद दो दिनों के भीतर संबंधित BLO खुद मतदाता से संपर्क करेगा।
BLA नियुक्ति पर जोर
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से सभी बूथों पर शत-प्रतिशत बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के 11,733 पोलिंग बूथों के मुकाबले अभी तक 19,116 बीएलए नियुक्त किए गए हैं। इनमें भाजपा, कांग्रेस, सीपीआई (एम) और बसपा के एजेंट शामिल हैं।

