पानी के गुब्बारे को लेकर दो गुटों में मारपीट
होली से पहले राजधानी देहरादून में पानी के गुब्बारों को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। देहरादून के चकराता रोड पर मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते मारपीट का रूप ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया। दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है और मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
वॉयस ओवर — पुलिस के अनुसार बीते दिन चकराता रोड स्थित एक मोबाइल मार्ट के बाहर दीपक पुत्र जगमेर सिंह अपने दोस्त अक्षय के साथ खड़ा था। इसी दौरान वहां मन आनंद पुत्र शम्मी आनंद, निवासी लूनिया मोहल्ला, पहुंचा। आरोप है कि पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झगड़े के दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। कुछ देर के लिए सड़क पर हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली नगर में अलग-अलग प्रार्थना पत्र दिए।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

त्योहारों के मद्देनजर पुलिस ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि होली जैसे पर्व को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए और किसी भी प्रकार की हुड़दंग या विवाद से बचा जाए, ताकि शहर का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे।
