त्रिवेंद्र रावत
देहरादून के परेड ग्राउंड में आयोजित दून बुक फेस्टिवल इन दिनों साहित्य, ज्ञान और विचारों का बड़ा केंद्र बना हुआ है। इस भव्य आयोजन में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पहुंचकर विभिन्न विभागों और प्रतिष्ठित प्रकाशकों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल किताबों का आयोजन नहीं, बल्कि विचारों, ज्ञान और संस्कारों से जुड़ने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि पुस्तकों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को नए दृष्टिकोण और सोच से परिचित होने का अवसर मिलता है, जो एक स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम के दौरान एक खास क्षण तब देखने को मिला, जब भारत के गौरव और अशोक चक्र से सम्मानित ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का भव्य स्वागत किया गया। सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उन्हें पुस्तक भेंट कर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला का साहस, समर्पण और राष्ट्र सेवा की भावना सभी के लिए प्रेरणास्रोत है, जो युवाओं को बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती है।
सांसद रावत ने आगे कहा कि पुस्तकें हमारे विचारों को दिशा देने और व्यक्तित्व को समृद्ध करने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को ऐसे आयोजनों से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि साहित्य, इतिहास, विज्ञान और समसामयिक विषयों की समझ विकसित करने में पुस्तकें महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि वे इस तरह के आयोजनों में भाग लेकर ज्ञान के प्रसार के इस अभियान को आगे बढ़ाएं। दून बुक फेस्टिवल के माध्यम से देहरादून में एक ऐसा मंच तैयार हुआ है, जहां किताबों के जरिए न केवल ज्ञान का आदान-प्रदान हो रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य की दिशा भी मिल रही है। यह आयोजन साहित्य प्रेमियों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव बनकर उभर रहा है।



