उत्तरकाशी। भगवान गणेश की जन्मस्थली माने जाने वाले डोडीताल स्थित मां अन्नपूर्णा मंदिर के कपाट विधि-विधान के साथ खोल दिए गए हैं। अब अगले छह महीने तक श्रद्धालु यहां दर्शन कर सकेंगे।
कपाट खुलने के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। अगोड़ा गांव से देव निशानों के साथ श्रद्धालु करीब 15 किलोमीटर का कठिन ट्रेक कर डोडीताल पहुंचे। बर्फबारी के बीच भक्तों ने मां अन्नपूर्णा और भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
बैशाख माह की कृष्ण चतुर्थी पर अभिजीत मुहूर्त में सुबह 11:15 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। श्रद्धालुओं ने पार्वती सरोवर में स्नान कर विशेष पूजा भी की।
मंदिर के पुजारी के अनुसार हर साल चारधाम यात्रा से 13 दिन पहले यहां कपाट खोले जाते हैं, ताकि यात्रा की शुरुआत से पहले भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया जा सके।

डोडीताल को भगवान गणेश की जन्मभूमि माना जाता है और यहां मां अन्नपूर्णा के साथ उनकी पूजा विशेष महत्व रखती है।
