पौड़ी। उत्तराखंड के दूरस्थ गांवों की प्रतिभाएं अब सोशल मीडिया के जरिए देश-दुनिया तक पहुंच रही हैं। इसी कड़ी में पौड़ी गढ़वाल की 9 साल की प्रभा रावत इन दिनों इंटरनेट पर तेजी से लोकप्रिय हो रही हैं। छोटी उम्र में ही अपने मासूम अंदाज और गढ़वाली बोलचाल से वह लोगों का दिल जीत रही हैं।
प्रभा रावत राठ क्षेत्र के बड़ेथ गांव की रहने वाली हैं और प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा हैं। वह अपने रोजमर्रा के जीवन से जुड़े वीडियो बनाती हैं, जिनमें खेतों में काम करना, जंगल जाना, दोस्तों के साथ मस्ती करना और गांव की झलक दिखाना शामिल होता है।
उनके वीडियो बनाने में उनके चाचा पंकज रावत मदद करते हैं, जो शूटिंग से लेकर एडिटिंग तक का काम संभालते हैं। पिछले कुछ महीनों में प्रभा के फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं और उनके वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।

प्रभा की लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें पौड़ी जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। कम उम्र में मिली यह पहचान अब उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।
