टिहरी झील महोत्सव
टिहरी जिले के कोटी कॉलोनी में चार दिवसीय टिहरी झील महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया है। इस महोत्सव का उद्घाटन उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। 6 से 9 मार्च तक चलने वाले इस महोत्सव का उद्देश्य टिहरी झील को एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं।
महोत्सव के दौरान टिहरी झील और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न साहसिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइंबिंग, राफ्टिंग और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स शामिल हैं। इसके साथ ही स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत मास्टर शेफ प्रतियोगिता, फोटोग्राफी प्रतियोगिता, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जा रही हैं। इसके अलावा रैप सिंगिंग प्रतियोगिता और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 50 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये का पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा दस प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि टिहरी झील महोत्सव राज्य में पर्यटन को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

चार दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है, जिससे टिहरी जिले में पर्यटन गतिविधियों को नई गति मिलने की संभावना है।
