हरिद्वार। जिले में बिजली बिल बकाया रखने वालों पर ऊर्जा निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को हरिद्वार के जिला महिला अस्पताल का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। अस्पताल पर करीब 37 लाख रुपये का बिल कई वर्षों से लंबित था।
ऊर्जा निगम की टीम ने ज्वालापुर क्षेत्र में भी अभियान चलाते हुए 100 स्ट्रीट लाइट के कनेक्शन काटे और 110 बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान करीब 14.5 लाख रुपये की वसूली भी की गई। इससे पहले नगर निगम की स्ट्रीट लाइटों का कनेक्शन भी बकाया के चलते काटा जा चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि शासन के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है और सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई की जा रही है। जब तक बकाया जमा नहीं होगा, कनेक्शन बहाल नहीं किया जाएगा।

हालांकि महिला अस्पताल में जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों, इसके लिए जेनरेटर से बिजली आपूर्ति जारी रखी गई है। विभाग ने साफ किया है कि बकायेदारों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
