देहरादून: गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर धर्मपुर क्षेत्र के श्री गुरु राम राय इंटर कॉलेज, मथुरावाला में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में नवनिर्मित कक्ष का उद्घाटन भी किया।
कार्यक्रम में धर्मपुर विधायक विनोद चमोली, प्रधानाचार्य दिनेश डोबरियाल सहित कई जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।
अपने संबोधन में त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 से देश की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह नीति छात्रों के समग्र विकास, कौशल उन्नयन और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ खेलों के महत्व पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि आज स्कूलों में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे छात्रों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर हो रहा है। हाल ही में आयोजित सांसद खेल महोत्सव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें छात्रों की बढ़ती भागीदारी इस दिशा में सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम के अंत में उन्होंने मां सरस्वती से विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शिक्षा और संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इस मौके पर पूर्व विधायक मुकेश कोली, पूर्व राज्यमंत्री खेम पाल समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और विद्यालय परिवार मौजूद रहा।
