पिथौरागढ़। जिले के पुरान (जाख पुरान) गांव में पारिवारिक विवाद ने एक दर्दनाक रूप ले लिया, जहां बेटे के हमले में घायल पिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 50 वर्षीय बिशन राम का अपने बेटे के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने गुस्से में आकर हथौड़े से पिता पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बिशन राम को उनके भतीजे द्वारा जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें वार्ड में भर्ती किया गया, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
