देहरादून : राजधानी देहरादून के मांडूवाला-डूंगा रोड स्थित एक कैफे में देर रात महिला संचालक के साथ छेड़छाड़, गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि उधार में सिगरेट-तंबाकू देने से मना करने पर शराब के नशे में धुत युवकों ने हंगामा किया और बीच-बचाव करने आए लोगों पर भी हमला कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता अंजली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 जनवरी की रात करीब 11 बजे कुछ युवक कार से आए और उधार में सामान मांगने लगे। मना करने पर वे गाली-गलौज करने लगे और कथित तौर पर महिला के कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर बाहर मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि एक युवक ने लोहे की रॉड से एक ग्राहक के सिर पर वार कर दिया…जिससे उसे गंभीर चोट आई और काफी खून बहने लगा। हालात बिगड़ते देख महिला ने खुद को और ग्राहकों को कैफे के अंदर बंद कर लिया और 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।

पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक पहले भी कई बार शराब के नशे में उधार मांगने आते रहे हैं और मना करने पर धमकी देते हैं। जाते समय भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
