पौड़ी: पौड़ी शहर के धारा रोड क्षेत्र में शनिवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक दुकान के अंदर स्थानीय व्यापारी मृत अवस्था में पाए गए। आसपास के व्यापारियों ने दुकान खुली देखी और अंदर जाकर आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली पौड़ी के एसएसआई राज विक्रम सिंह के अनुसार मृतक की पहचान विजय आनंद सिंह (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के चोट या घाव के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है ताकि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में शोक की लहर है। व्यापार सभा के अध्यक्ष विनय शर्मा ने इसे बेहद दुखद बताते हुए कहा कि एक व्यापारी का अपनी ही दुकान में इस तरह मृत मिलना चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं और इस कठिन समय में मृतक के परिवार के साथ खड़े हैं।

फिलहाल पूरे शहर में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है, जबकि पुलिस जांच में जुटी हुई है।
