देहरादून। राजधानी देहरादून के DAV पीजी कॉलेज में आयोजित छात्रसंघ समारोह के बाद माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें देश का वर्तमान और भविष्य बताया।
कार्यक्रम के दौरान हरियाणवी गायक मासूम शर्मा की लाइव प्रस्तुति भी हुई, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए। कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन मुख्यमंत्री के जाने के बाद छात्रों के बीच विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि डांस के दौरान किसी बात को लेकर छात्रों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई। इस दौरान एक छात्र गौरव को चाकू लग गया। घायल छात्र को तुरंत कॉलेज की डिस्पेंसरी में ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
