ऋषिकेश: उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) में 25 मार्च को एक मरीज अस्पताल की छत पर चढ़ गया। यह घटना बुधवार सुबह लगभग 11 बजे एम्स के मनोरोग विभाग की छठी मंजिल पर हुई।
जानकारी के अनुसार, मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को इलाज के लिए एम्स लाया गया था। इलाज कराने के दौरान युवक अचानक परिजनों से हाथ छुड़ाकर भागने लगा। भागते हुए उसने छठी मंजिल पर लगे गेट की कुंडी तोड़ दी और छत पर चढ़ गया। इस दौरान पूरे अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीज, तीमारदार और चिकित्सक सभी दहशत में थे।
सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और युवक को कूदने से रोकने के लिए बातचीत शुरू की। इस दौरान मौके पर मौजूद एक अन्य मरीज का तीमारदार साहसिक कदम उठाया। उसने चुपके से छत पर जाकर युवक को पीछे से पकड़ लिया और सुरक्षित खींचा। तुरंत ही दो अन्य सुरक्षाकर्मी भी वहां पहुंचे और पूरी स्थिति पर काबू पाया।
एम्स के जनसंपर्क अधिकारी श्रीलोय मोहंती ने बताया कि युवक इलाज के लिए लाया गया था, लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा और उपचार कराने से इनकार कर दिया। घटना की पूरी जांच अभी जारी है और सुरक्षा अधिकारी युवक और उसके परिजनों से पूछताछ कर रहे हैं।
इस घटना ने एम्स परिसर में मौजूद सैकड़ों लोगों की सांसें रोक दी। अस्पताल प्रशासन ने भी सुरक्षा कर्मियों और तीमारदार की भूमिका की सराहना की है, जिन्होंने किसी बड़ी अनहोनी को होने से रोका।

