देहरादून / नई दिल्ली: हरिद्वार के सांसद और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर छिद्दरवाला और रेशम मार्गरी क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर और अंडरपास से जुड़े मुद्दों को उठाया।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुलाकात के दौरान स्थानीय लोगों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों की चिंताओं को मंत्री के सामने विस्तार से रखा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित डिजाइन में फ्लाईओवर की लंबाई ज्यादा होने और पूरी तरह ढकी हुई संरचना बनने की संभावना है। इससे छिद्दरवाला चौक स्थित एनएच-72 (हरिद्वार–देहरादून हाईवे) पर बने बाजार की दृश्यता प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने कहा कि इस बाजार में पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर समेत करीब 1200 दुकानें संचालित होती हैं। यदि बाजार की दृश्यता कम होती है तो इससे स्थानीय व्यापार और लोगों की आजीविका पर असर पड़ सकता है।
सांसद ने यह भी बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्राम प्रधान गोकुल रमोला सहित क्षेत्र के लोगों ने सुझाव दिया है कि फ्लाईओवर को स्तंभ आधारित (ओपन) डिजाइन में बनाया जाए और इसकी लंबाई को जितना संभव हो उतना कम रखा जाए। इससे विकास कार्य भी आगे बढ़ेंगे और स्थानीय व्यापार भी प्रभावित नहीं होगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस विषय को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस परियोजना पर निर्णय लेते समय जनहित, स्थानीय अर्थव्यवस्था और लोगों की भावनाओं का ध्यान रखा जाएगा।
बताया जा रहा है कि आने वाले समय में इस परियोजना के डिजाइन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा, ताकि विकास और स्थानीय हितों के बीच संतुलन बनाया जा सके।
