देहरादून : उत्तराखंड में 2027 की जनगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पहले चरण में 25 अप्रैल से 25 मई के बीच भवनों की सूची तैयार की जाएगी।
इस बार जनगणना प्रक्रिया में डिजिटल सुविधा भी जोड़ी गई है। भारत की जनगणना के तहत 10 अप्रैल से ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा, जहां लोग “स्वगणना” विकल्प के जरिए खुद अपने घर और परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
इस प्रक्रिया में नागरिकों से कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें मकान की स्थिति, निर्माण सामग्री, परिवार के सदस्यों की संख्या, पानी और बिजली की सुविधा, शौचालय, रसोई ईंधन, इंटरनेट, मोबाइल और वाहन जैसी जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा परिवार के मुखिया से जुड़ी जानकारी, सामाजिक वर्ग और मोबाइल नंबर भी दर्ज किया जाएगा, जो केवल जनगणना कार्य के लिए उपयोग होगा।
सरकार का कहना है कि डिजिटल जनगणना से प्रक्रिया पारदर्शी और आसान बनेगी, साथ ही लोगों की भागीदारी भी बढ़ेगी।

