रुड़की: सिविललाइंस कोतवाली पुलिस ने मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) से रुड़की में प्रतिबंधित कफ सिरप बेचने आए एक नशा तस्कर को पकड़ लिया। उसके पास बाइक और 100 कफ सिरप की खेप बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी पर मामला दर्ज कर गहन पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को मंगलवार देर शाम सूचना मिली कि मुरादाबाद से एक युवक रुड़की में प्रतिबंधित दवा बेचने आ रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट की अगुवाई में पुलिस टीम ने पीरबाबा कालोनी, गंगनहर पटरी पर चेकिंग शुरू की।
जांच के दौरान बाइक सवार युवक को रोका गया। पुलिस को देख वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर पकड़ लिया गया। आरोपी ने अपना नाम मोहम्मद सुहेल, निवासी बहेड़ी ब्रहमनान, भोजपुर, मुरादाबाद, यूपी बताया। उसने माना कि यह खेप वह बेचने के लिए लाया था।

पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में लगी है कि यह खेप रुड़की में किसको बेचनी थी और इसे कौन से मेडिकल स्टोर से खरीदा गया। पुलिस ने आरोपी की बाइक भी जब्त कर ली है। प्रदीप बिष्ट ने बताया कि नशे के पूरे नेटवर्क को तोड़ने के लिए छानबीन की जा रही है।
