देहरादून: प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में मारपीट, तोड़फोड़ और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में रायपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, साक्ष्य और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं।
गौरतलब है कि 21 फरवरी को ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में विद्यालय का नामकरण विवाद को लेकर विधायक उमेश शर्मा काऊ और उनके समर्थक पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और कार्यालय में तोड़फोड़ व मारपीट की घटना हुई।

इस मामले में निदेशक अजय कुमार नौडियाल की शिकायत पर विधायक और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं विधायक के गनर की ओर से भी अलग मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
