रामनगर: रामनगर से बड़ी खबर है। राज्य भर में आयोजित परिषदीय परीक्षा 2026 आज शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो गई। निदेशक माध्यमिक शिक्षा एवं उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के निर्देशन में आयोजित इस परीक्षा में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट स्तर पर कुल 2 लाख 15 हजार 252 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
परीक्षा राज्यभर के 1261 केंद्रों पर आयोजित की गई…जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया। परिषद ने सभी अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और जिला प्रशासन व पुलिस विभाग के सहयोग की सराहना की।
अब परीक्षा के अगले चरण में उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य 27 मार्च से 10 अप्रैल तक किया जाएगा। राज्यभर के 29 मूल्यांकन केंद्रों पर हाईस्कूल की 6 लाख 70 हजार 28 और इंटरमीडिएट की 5 लाख 14 हजार 787 कॉपियों का मूल्यांकन होगा। हाईस्कूल स्तर पर 1937 और इंटर स्तर पर 1725 शिक्षकों की तैनाती की गई है।
पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मूल्यांकन कार्य सीसीटीवी निगरानी में कराया जाएगा और 50 प्रतिशत उत्तर पुस्तिकाओं का पुनः परीक्षण भी किया जाएगा। परीक्षा को नकल मुक्त बनाने के लिए केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 लागू की गई थी। प्रशासन और शिक्षा विभाग के अधिकारी परीक्षा के पूरे समय केंद्रों पर निगरानी में जुटे रहे…जिससे परीक्षा पूरी तरह सुचारू और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।

