ट्रेन
रुड़की से ट्रेन यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए 24 अप्रैल से पहले का समय बेहद मुश्किल साबित हो रहा है। रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली करीब दस से अधिक जोड़ी ट्रेनों में कंफर्म टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है। त्योहारों और राष्ट्रीय अवकाश के चलते ट्रेनों में सीटों की भारी किल्लत देखी जा रही है।
वॉयस ओवर — योग एक्सप्रेस, हरिद्वार-बांद्रा एक्सप्रेस, उत्कल एक्सप्रेस और हेमकुंड एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट चल रही है। अलवर, जयपुर, अजमेर, अहमदाबाद, बांद्रा, सूरत, वडोदरा, रतलाम, कोटा, मथुरा, लखनऊ, पटना, हावड़ा, गोरखपुर और मुंबई समेत कई प्रमुख शहरों के लिए जाने वाली ट्रेनों में हालात और गंभीर हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग 150 के पार पहुंच चुकी है, जबकि कुछ में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है।
यात्रियों का कहना है कि शादी-ब्याह, जरूरी काम और त्योहारों में शामिल होने के लिए यात्रा करना अनिवार्य है, लेकिन कंफर्म टिकट न मिलने से परेशानी बढ़ गई है। रुड़की निवासी अमित कुमार ने बताया कि उन्होंने 20 दिन पहले टिकट बुक कराया था, फिर भी टिकट वेटिंग में है। तत्काल कोटे में भी लंबी प्रतीक्षा सूची के कारण उम्मीद कम नजर आ रही है।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक त्योहारों के कारण अचानक यात्रियों की संख्या बढ़ी है। मुख्य टिकट पर्यवेक्षक राजू ने बताया कि 24 अप्रैल से पहले कंफर्म टिकट मिलना कठिन है। हालांकि यात्रियों को राहत देने के लिए होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा की योजना पहले से बनाएं और वैकल्पिक व्यवस्था पर भी विचार करें। फिलहाल रुड़की से लंबी दूरी की ट्रेनों में सीट की उपलब्धता को लेकर यात्रियों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
