मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए प्रशासन ने नए ट्रैफिक नियम लागू करने का निर्णय लिया है। अब लंढौर छावनी क्षेत्र में स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थलों जैसे लाल टिब्बा और चार दुकान जाने के लिए वाहन का पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा।
छावनी परिषद द्वारा आयोजित बोर्ड बैठक में बढ़ते ट्रैफिक जाम को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रशासन के अनुसार, 1 अप्रैल से छावनी क्षेत्र में प्रतिदिन केवल 500 पर्यटक वाहनों को प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इसके अलावा, 15 अप्रैल से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से वाहन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू की जाएगी। बिना पंजीकरण के किसी भी पर्यटक वाहन को छावनी क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थानीय निवासियों को अलग से पास जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, निर्धारित संख्या से अधिक आने वाले वाहनों को टिहरी-धनोल्टी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पंजीकृत वाहनों को सीमित समय के लिए ही छावनी क्षेत्र में प्रवेश मिलेगा। समय सीमा समाप्त होने पर अतिरिक्त पार्किंग शुल्क देना होगा। वहीं, छावनी क्षेत्र में स्थित होटल या गेस्ट हाउस में ठहरने वाले पर्यटकों के लिए भी पंजीकरण अनिवार्य होगा, हालांकि उनके लिए यह प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी।
प्रशासन का मानना है कि इन नए नियमों से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

