देहरादून: देहरादून और नई दिल्ली से जुड़ी एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। हरिद्वार लोकसभा क्षेत्र के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने संसद में क्षेत्र से जुड़े कई अहम जनहित के मुद्दे उठाए। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का ध्यान हरिद्वार, लक्सर, रुड़की और देहरादून क्षेत्र में बढ़ते यातायात दबाव की ओर दिलाया।
सांसद ने कहा कि आने वाले कुंभ 2027 को देखते हुए रेलवे और यातायात व्यवस्था को मजबूत करना बेहद जरूरी है। उन्होंने लक्सर–रुड़की और रुड़की–सहारनपुर रेल खंड पर स्थित छोटे स्टेशनों के पास रोड अंडर ब्रिज बनाने की मांग रखी, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके और लोगों की आवाजाही सुचारु हो सके।
इसके साथ ही हरिद्वार–देहरादून रेल लाइन पर रायवाला क्षेत्र में रोड अंडर ब्रिज निर्माण को सामरिक और नागरिक दृष्टि से आवश्यक बताया। देहरादून में विधानसभा भवन से डिफेंस कॉलोनी के बीच बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए भी अंडर ब्रिज बनाने की मांग की गई।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के हर्रावाला रेलवे स्टेशन के विस्तार की वर्तमान स्थिति पर भी जानकारी मांगी। साथ ही हरिद्वार–लक्सर–सहारनपुर रेल खंड पर सटल या पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू करने का आग्रह किया, जिससे दैनिक यात्रियों को सस्ती और बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि इन सभी मांगों का उद्देश्य क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना और कुंभ 2027 जैसे बड़े आयोजन के लिए तैयारियां मजबूत करना है। सांसद ने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर सकारात्मक कदम उठाएगा।
