लक्सर/हरिद्वार: हरिद्वार संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत लक्सर के मोहम्मदपुर बुजुर्ग स्थित एसएसपी हाई स्कूल में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में सांसद हरिद्वार एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत, लक्ष्य के प्रति समर्पण और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा के विस्तार, छात्रवृत्ति योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों और आधुनिक शैक्षिक सुविधाओं के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों से देश का युवा वर्ग आत्मनिर्भर बनते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो रहा है।
त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विश्वास जताया कि आज के मेधावी विद्यार्थी भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण, अभिभावक और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
