रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में प्रशासन ने समय रहते बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग बच्ची की शादी रुकवा दी। सूचना मिलने पर एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और विवाह की तैयारी को तत्काल रोक दिया गया।
प्रशासन के अनुसार, क्षेत्र में एक नाबालिग का निकाह कराए जाने की सूचना मिली थी। जांच में मामला सही पाए जाने पर पुलिस, चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बच्ची को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद बच्ची को चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया और फिर बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष पेश किया गया। यहां उसकी काउंसलिंग कराई गई और मेडिकल परीक्षण के बाद उसे वन स्टॉप सेंटर भेज दिया गया, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
एसडीएम ऋचा सिंह ने परिजनों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बाल विवाह एक गंभीर अपराध है और दोबारा ऐसा प्रयास करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कहीं बाल विवाह की सूचना मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।
इस कार्रवाई के बाद प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं, जिले में एक अन्य मामले में पुलिस ने नाबालिग के साथ अनुचित व्यवहार के आरोप में दो किशोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
