देहरादून। उत्तराखंड के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए राहत भरी खबर है। हर साल मार्च महीने में वेतन और पेंशन में होने वाली देरी को देखते हुए इस बार वित्त विभाग ने बड़ा फैसला लिया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन और नए वित्तीय वर्ष 2026-27 की शुरुआत के बीच आने वाली दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए विभाग ने निर्देश जारी किए हैं कि कर्मचारियों और पेंशनर्स को समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। अब बजट की अंतिम स्वीकृति का इंतजार किए बिना ही वेतन और पेंशन जारी की जा सकेगी।
आमतौर पर मार्च में बजट क्लोजिंग के कारण भुगतान में देरी हो जाती थी, जिससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को 15-20 दिन तक इंतजार करना पड़ता था।
वित्त विभाग ने सभी जिलाधिकारियों और विभागाध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे बजट की प्रत्याशा में ही भुगतान प्रक्रिया पूरी करें।

इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स को राहत मिलेगी और समय पर वेतन मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति भी बेहतर बनी रहेगी।
