देहरादून : जिले में विभिन्न मुद्दों को लेकर हो रहे धरना-प्रदर्शनों और रैलियों के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल ने खुद मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संभावित प्रभावित क्षेत्रों और मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने अधिकारियों से धरना-प्रदर्शन और रैलियों के दौरान किए जाने वाले सुरक्षा इंतजाम, बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा भी की गई।
एसएसपी ने निर्देश दिए कि प्रदर्शन और रैलियों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और आम जनता तथा स्कूली बच्चों को किसी तरह की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि यदि किसी मार्ग पर रैली या प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित होता है तो इसकी जानकारी समय रहते लोगों तक पहुंचाई जाए।

बैठक और निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक यातायात, क्षेत्राधिकारी नगर, डालनवाला व यातायात सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
