Devprayag News : ऋषिकेश–बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोताघाटी के पास पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ऋषिकेश से सीमेंट लेकर श्रीनगर जा रहा ट्रक अचानक मलबे और पत्थरों की चपेट में आ गया।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी से गिरे बड़े बोल्डर ने ट्रक के केबिन को तोड़ दिया और चालक के ऊपर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।
मृतक की पहचान 55 वर्षीय मुरारी लाल निवासी कर्णप्रयाग, चमोली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सीएचसी देवप्रयाग भेज दिया और परिजनों को सूचना दे दी है।

दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे तक बंद रहा। बाद में मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया गया। तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।
