हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र में गुलदार के लगातार हमलों से लोगों में दहशत का माहौल है। रोहालकी किशनपुर गांव में दो दिनों के भीतर तीन लोगों पर हमले के बाद ग्रामीणों में डर और गुस्सा दोनों बढ़ गया है।
जानकारी के अनुसार 32 वर्षीय किसान कपिल कुमार अपने 12 वर्षीय भांजे के साथ घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। कपिल के पैर पर चोट आई, जबकि इससे पहले एक दुकानदार पर भी हमला हुआ था। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
लगातार हमलों से नाराज ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया और गुलदार को पकड़ने की मांग की। लोगों का कहना है कि डर के कारण बच्चे घरों से बाहर नहीं निकल रहे और किसान खेतों में जाने से घबरा रहे हैं।

मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने गांव में पिंजरे लगाए हैं और गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि गुलदार को जल्द पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
