रुड़की, हरिद्वार: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र के धनौरा गांव में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक गुलदार (तेंदुआ) एक घर के अंदर घुस आया। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि 25 मार्च की रात गुलदार अचानक एक ग्रामीण के घर में दाखिल हो गया। घर के अंदर जंगली जानवर को देखकर लोग घबरा गए और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। देखते ही देखते पूरे गांव में यह खबर फैल गई।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुलदार घर के अंदर घूमता नजर आ रहा है। वीडियो में वह एक कुत्ते पर हमला करता हुआ भी दिखाई देता है, हालांकि कुत्ता उसका शिकार बनने से बच गया।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी वन्यजीवों की हलचल देखी गई है, लेकिन इस तरह घर के अंदर घुसना बेहद चिंताजनक है। लोगों ने वन विभाग से जल्द कार्रवाई की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
घटना के बाद वन विभाग की टीम गुलदार की तलाश में जुट गई है। विभाग की ओर से लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। खासतौर पर रात के समय घरों के दरवाजे बंद रखने, बच्चों और पशुओं को सुरक्षित रखने और बिना जरूरी कारण बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
वन विभाग के रेंजर शैलेंद्र नेगी ने बताया कि मामले की जानकारी मिल चुकी है और संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजा जा रहा है। स्थिति का निरीक्षण कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

