देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को श्रम विभाग द्वारा विकसित श्रमिक प्रशिक्षण प्रबंधन प्रणाली यानी TMS पोर्टल का शुभारंभ किया। यह पोर्टल उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों और उनके परिवारजनों के कौशल प्रशिक्षण को ऑनलाइन और पारदर्शी बनाने के लिए तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पोर्टल के शुरू होने से श्रमिकों को प्रशिक्षण से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों को रोजगार से जोड़ने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही उद्योगों और उद्यमियों से फीडबैक लेकर प्रशिक्षण को जरूरत के अनुसार तैयार किया जाए।
मुख्यमंत्री ने प्लंबर, कारपेंटर, इलेक्ट्रीशियन जैसे कार्यों में स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण देने पर जोर दिया, ताकि क्षेत्र की जरूरतें स्थानीय श्रमिकों से पूरी हो सकें और रोजगार के अवसर बढ़ें।
श्रम विभाग के सचिव डॉ. श्रीधर बाबू अद्दंकी ने बताया कि विभाग की योजनाओं को अधिक पारदर्शी और परिणाम आधारित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं श्रमायुक्त पी.सी. दुमका ने बताया कि TMS पोर्टल के माध्यम से प्रशिक्षण केंद्रों, प्रशिक्षकों और मूल्यांकनकर्ताओं का चयन ऑनलाइन किया जाएगा। प्रशिक्षण की उपस्थिति और मूल्यांकन भी डिजिटल तरीके से किया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
