कुलदीप यादव
टीम इंडिया के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव आज मसूरी में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। पहाड़ों की रानी मसूरी में आयोजित यह शाही शादी इन दिनों खासा चर्चा में है। शादी समारोह में शामिल होने के लिए देशभर से कई जानी-मानी हस्तियां पहुंच रही हैं।
इस भव्य समारोह में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल और मोहम्मद कैफ सहित कई क्रिकेट सितारे मसूरी पहुंच चुके हैं। वहीं बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी विशेष चार्टर्ड विमान से देहरादून पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से मसूरी के लिए रवाना हुए।
शनिवार 14 मार्च को शादी के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सुबह आठ बजे से मेहमानों के लिए विशेष नाश्ते की व्यवस्था की गई, जबकि दोपहर में भव्य भोजन परोसा गया। शाम चार बजे हाई टी और साफा बांधने की रस्म के बाद शाम पांच बजे प्रीमियम वैली व्यू विंग से बारात निकलेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला का कार्यक्रम होगा और फिर रॉयल बॉलरूम में सात फेरों की रस्म संपन्न कराई जाएगी।
इससे पहले 13 मार्च से शुरू हुए प्री-वेडिंग कार्यक्रमों में हल्दी, मेहंदी, सगाई, संगीत और कॉकटेल पार्टी जैसे आयोजन हुए। इन कार्यक्रमों में मेहमानों ने जमकर मस्ती की और कई क्रिकेट सितारे भी जश्न में शामिल होते नजर आए।
पूरे समारोह को शाही अंदाज में सजाया गया है। मेहमानों के लिए तीन दिनों तक विशेष व्यंजन, पारंपरिक रस्में और आधुनिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है।

बताया जा रहा है कि 15 मार्च की सुबह मेहमानों के लिए नाश्ते के बाद विदाई और चेक-आउट की व्यवस्था की गई है। मसूरी में आयोजित यह भव्य शादी इन दिनों क्रिकेट और मनोरंजन जगत में चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
