काशीपुर। ऊधम सिंह नगर के काशीपुर में आयोजित भव्य ‘होली मिलन समारोह’ में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब पुष्कर सिंह धामी कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पुष्प वर्षा और पारंपरिक अंदाज में उनका अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री के साथ होली के रंग साझा किए। ढोल-नगाड़ों और लोकगीतों की धुन पर पूरा परिसर उत्सवमय नजर आया। महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने मिलकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ होली मनाई।

मुख्यमंत्री धामी ने भी लोगों के साथ रंग खेलते हुए प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है। स्थानीय संस्कृति और त्योहारों के प्रति अपने विशेष लगाव का जिक्र करते हुए उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज को जोड़ने वाला बताया।
