नैनीताल: आगामी पर्यटन सीजन से पहले उत्तराखंड पुलिस ने कैंची धाम क्षेत्र में सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं को सुधारने की कवायद तेज कर दी है। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने विशेष तैयारियां शुरू की हैं।
अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने हाल ही में कैंची धाम का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर, संवेदनशील क्षेत्रों और मुख्य मार्गों का बारीकी से अवलोकन कर स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त होनी चाहिए। उनका निर्देश था कि श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
यातायात प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए डॉ. मुरुगेशन ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सुव्यवस्थित और व्यापक ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए। उन्होंने नो-पार्किंग जोन का प्रभावी निर्धारण और इसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। पार्किंग स्थलों पर पेयजल, शौचालय और साइनबोर्ड जैसी सभी आवश्यक जनसुविधाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के लिए शटल सेवा को और अधिक व्यवस्थित बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में एडवांस फीचर वाले सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम का विस्तार किया जाएगा। इससे भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति में त्वरित सूचना प्रसारित करना आसान होगा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक भवाली प्रकाश सिंह मेहरा, निरीक्षक यातायात महेश चंद्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
देश-विदेश से हर साल हजारों श्रद्धालु नीम करौली बाबा के दर्शन के लिए कैंची धाम पहुंचते हैं। पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ के कारण जाम और यातायात व्यवस्थाओं को बनाए रखना पुलिस-प्रशासन के लिए हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। प्रशासन की यह तैयारी सुनिश्चित करेगी कि श्रद्धालु सुरक्षित और सहज रूप से दर्शन कर सकें।

