उत्तराखंड: क्रीड़ा भारती का पांचवा राष्ट्रीय अधिवेशन 26 से 28 दिसंबर तक गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित किया गया। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अखिल भारतीय सह सरकार्यवाह आलोक की उपस्थिति रही।

अधिवेशन में पूरे भारत के सभी राज्यों के पदाधिकारी मौजूद थे। क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल सैनी, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष चैतन्यकुमार कश्यप और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उत्तराखंड से जोगेंद्र सिंह पुंडीर को प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया। घोषणा के बाद सभी उपस्थित पदाधिकारियों और उत्तराखंड से आए कार्यकर्ताओं ने तालियों से उनका स्वागत किया।
उत्तराखंड से अधिवेशन में प्रदेश मंत्री अरुण सिंह, उपाध्यक्ष रणवीर सिंह तोमर, सह मंत्री सोहन वीर राणा, प्रांत क्रीड़ा केंद्र प्रमुख आकाश चौरसिया और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जोगेंद्र सिंह पुंडीर ने कहा कि क्रीड़ा भारती उत्तराखंड में खेलों के विकास में हमेशा मदद करता रहा है और आगे भी करेगा। उनका लक्ष्य है कि क्रीड़ा भारती के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को नए अवसर और अनुभव मिलें। उन्होंने कहा कि 2026 और 2030 के कॉमनवेल्थ खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ी पदक तालिका में अग्रणी बने, इसके लिए संगठन मेहनत करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चार सालों में नए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना, सभी जिलों में खेलों के लिए बेहतर माहौल बनाना और क्रीड़ा भारती के माध्यम से सभी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

क्रीड़ा भारती 1992 से सक्रिय है और 2009 में इसे राष्ट्रीय स्तर पर संगठन का दर्जा मिला। अब तक यह संगठन कई खिलाड़ियों के जीवन में मार्गदर्शन और प्रेरणा का काम करता रहा है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी क्रीड़ा भारती की सराहना की और आश्वासन दिया कि जल्द ही इसे फेडरेशन का दर्जा भी दिया जाएगा।

उत्तराखंड के युवाओं और बच्चों के लिए जोगेंद्र सिंह पुंडीर की नई जिम्मेदारी के साथ क्रीड़ा भारती के काम और भी सक्रिय रूप से जारी रहेंगे।
