देहरादून। राजधानी के बसंत विहार क्षेत्र में एक विवाहित महिला की आत्महत्या का मामला सामने आया है, जिसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, मृतका राजेश्वरी उरेडा पौड़ी में प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। उनकी शादी करीब साढ़े तीन साल पहले देहरादून निवासी पीयूष सिंह से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
मायके पक्ष का कहना है कि पति और ससुराल के अन्य सदस्य उन्हें ताने देते थे, मारपीट करते थे और तलाक की धमकी भी देते थे। इतना ही नहीं, गहनों और सामान को लेकर भी विवाद चलता रहा।
घटना 5 अप्रैल की सुबह सामने आई, जब पति ने फोन कर मौत की सूचना दी। परिजन इसे आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश बता रहे हैं।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
